परसाभाठा में पड़ोसी निकला चोर: फर्नीचर दुकान में सेंधमारी, मोबाइल दुकान संचालक गिरफ्तार

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के परसाभाठा चौक स्थित लक्ष्मी फर्नीचर दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया सामान बरामद कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी कोई और नहीं, बल्कि पीड़ित दुकानदार का पड़ोसी और मोबाइल दुकान संचालक निकला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुकान संचालक राजेश कुमार कश्यप ने 1 अप्रैल को बालको नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 मार्च की रात से 1 अप्रैल की सुबह के बीच अज्ञात चोर ने दुकान की छत की शीट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी और चोरी हुए सामान की तलाश शुरू की। 18 अप्रैल को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने संदेही मुकेश कुमार महिलांगे उर्फ मेडी (27) निवासी परसाभाठा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने शराब के नशे में अपने ही पड़ोसी की दुकान में चोरी की थी। चोरी के बाद वह सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर सामान्य लोगों की तरह हालात जानने की कोशिश भी कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।