झाबू में राखड़ बांध फूटा, जेसीबी चालक की मौत, सांसद प्रतिनिधि ने उठाई 1करोड़ मुआवजे और न्यायिक जांच की मांग

कोरबा। सीएसईबी कोरबा वेस्ट के झाबू स्थित फ्लाईऐश पांड (राखड़ बांध) का तटबंध टूटने से हुए हादसे में एक जेसीबी चालक की मौत हो गई। घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और जिम्मेदार अधिकारियों व संबंधित ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी की हसदेव ताप विद्युत परियोजना के अंतर्गत झाबू क्षेत्र में फ्लाईऐश पांड बनाया गया है। हाल ही में इसका तटबंध टूट गया, जिसकी चपेट में आने से जेसीबी चालक की जान चली गई।

घटना को लेकर सांसद प्रतिनिधि सुनील जैन ने संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी कई बार जानकारी दी गई थी, लेकिन समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए।

सुनील जैन का कहना है कि यदि समय पर जांच समिति गठित कर सुरक्षा उपाय किए जाते, तो यह बड़ा हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद अधिकारियों और ठेकेदारों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

उन्होंने मृतक के परिजनों को 1 करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी तथा राखड़ बांध के निर्माण और रखरखाव में हुए कथित भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की है।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और औद्योगिक परियोजनाओं की निगरानी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।