कोरबा। राजस्व अभिलेखों में जमीन का रकबा बढ़ाकर दर्ज करने और शासकीय कार्यों में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में पटवारी दीपक कुमार सिंह को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई तहसीलदार भैंसमा द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई। जांच में पाया गया कि पटवारी ने अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर अनियमितताएं की हैं, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 का उल्लंघन है।
जांच के दौरान ग्राम करूमौहा के राजस्व अभिलेखों में बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ की पुष्टि हुई। प्रतिवेदन के अनुसार खसरा नंबर 176/1/ख/1 का वास्तविक रकबा 0.016 हेक्टेयर था, जिसे नियम विरुद्ध तरीके से बढ़ाकर 1.600 हेक्टेयर दर्ज कर दिया गया।
इसी प्रकार खसरा नंबर 84/4 ख के वास्तविक रकबे 0.710 हेक्टेयर को बढ़ाकर सीधे 71.000 हेक्टेयर कर दिया गया। इतना ही नहीं, बिना किसी वैध आदेश के इस परिवर्तन को ऑनलाइन भुइयां पोर्टल पर भी दर्ज कर दिया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

