कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर अनियंत्रित होकर कोयला लोड ट्रेलर पलटा,बड़ा हादसा टला; चालक घायल

कोरबा। कोरबा-कुसमुंडा मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बरमपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार से आ रहा कोयला लोड ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। घटना में ट्रेलर चालक घायल हो गया, जबकि मौके से गुजर रहे राहगीर बाल-बाल बच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 बीएम 7649 दोपहर करीब 4 बजे कोयला लेकर गुजर रहा था। बरमपुर मोड़ के समीप पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।

सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। दुर्घटना में घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और मार्ग को सुचारू बनाने की कार्रवाई शुरू की।

ट्रेलर के सड़क पर पलटने से कुछ समय के लिए कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। बाद में वाहन को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इस व्यस्त मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण लगाने, नियमित निगरानी बढ़ाने तथा यातायात सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।