KORBA: 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर 40% झुलसा टाइल्स मिस्त्री

कोरबा। हरदीबाजार क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दूसरी मंजिल पर टाइल्स लगाने का काम कर रहा 22 वर्षीय युवक 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। पीड़ित परिवार ने मकान मालिक पर खतरे की जानकारी होने के बावजूद जबरन काम कराने और बाद में इलाज से हाथ खींच लेने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम बिटकुला निवासी अनुज रोहिदास हरदीबाजार स्थित एक मकान में टाइल्स लगाने का कार्य कर रहा था। 15 जून की दोपहर करीब 2 बजे वह मकान की दूसरी मंजिल पर काम कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि बालकनी के बेहद पास से 33 केवी हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी, जिसे देखकर अनुज ने वहां काम करने से इंकार कर दिया था।

इसके बावजूद मकान मालिक ने उसे आश्वस्त करते हुए काम जारी रखने का दबाव बनाया। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और उसका करीब 40 प्रतिशत शरीर झुलस गया।

शुरुआत में कराया इलाज, बाद में छोड़ा साथ
घटना के बाद घायल युवक को हरदीबाजार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शुरुआत में मकान मालिक ने उपचार का कुछ खर्च उठाया, लेकिन बाद में पूरी जिम्मेदारी से पीछे हट गया। वर्तमान में घायल अनुज का उपचार उसके बड़े भाई संदीप रोहिदास अपनी आर्थिक तंगी के बावजूद करवा रहे हैं।

पुलिस पर भी लगाए असहयोग के आरोप
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद हरदीबाजार थाना में शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज परिवार अब मामले की शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक के पास जाने की तैयारी कर रहा है।

एफआईआर, इलाज और मुआवजे की मांग
घायल युवक के भाई संदीप रोहिदास ने मकान मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, इलाज का पूरा खर्च दिलाने और गंभीर रूप से झुलसने के कारण उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि खतरे को गंभीरता से लिया जाता और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाते तो यह हादसा टाला जा सकता था।