कोरबा। जिला प्रशासन के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा तनाव प्रबंधन (स्ट्रेस मैनेजमेंट), यातायात जागरूकता एवं साइबर सुरक्षा विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस जवानों ने भाग लिया।
कार्यशाला में माउंट आबू से आए ब्रह्माकुमारी संस्था के अतिथियों ने तनावमुक्त जीवन, मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में मानसिक स्वास्थ्य का विशेष महत्व है और नियमित ध्यान व योग के माध्यम से तनाव को कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी,आईपीएस विमल पाठक, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, डीएसपी लखन पटले, डीएसपी डी.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। करीब 200 जवानों एवं अधिकारियों ने कार्यशाला में सहभागिता की।
इस अवसर पर एएसआई मनोज राठौर ने यातायात जागरूकता पर जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।


वहीं साइबर प्रभारी चंद्रा ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अपराध और डिजिटल सुरक्षा के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने तनावमुक्त जीवन, सुरक्षित यातायात और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। कार्यशाला को अधिकारियों और कर्मचारियों ने उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

