चावल वितरण नहीं होने पर खाद्य शाखा में युकां का धरना, विभाग पर लापरवाही का आरोप

तीन माह से राशन नहीं मिलने का दावा, कलेक्ट्रेट पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

कोरबा। गरीबों को नि:शुल्क चावल वितरण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए युवा कांग्रेस ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित खाद्य शाखा कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार राशन योजना के प्रचार-प्रसार पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन जरूरतमंद लोगों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

प्रदर्शन का नेतृत्व बांकीमोगरा नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास और युवा कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष विकास सिंह ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ता खाद्य विभाग के अधिकारियों से समस्या को लेकर चर्चा करने पहुंचे थे, लेकिन अधिकारी के अनुपस्थित होने पर नाराज कार्यकर्ताओं ने खाद्य अधिकारी के कक्ष में धरने पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले तीन माह से राशन वितरण नहीं हो पाया है, जिससे गरीब परिवारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने विभागीय लापरवाही को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया और व्यवस्था सुधारने की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि आम जनता के भोजन के अधिकार से जुड़ी इस गंभीर समस्या पर विभाग को तत्काल ध्यान देना चाहिए और राशन वितरण नियमित कराया जाना चाहिए।

धरना प्रदर्शन के दौरान राकेश पंकज, पार्षद संदीप डहरिया, हेमंत साहनी, जनपद सदस्य अनिल खुटे, उप सरपंच विनोद उर्रे, ब्लॉक अध्यक्ष बबलू मारवा, जिला सचिव कमल किशोर चंद्रा, धनजय राठौर, एनएसयूआई अध्यक्ष प्रमोद काकरे, सुरजीत बर्मन, रोहन, सूरज, आदिल, शुभम, मुकेश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।