गोपालपुर में नए औद्योगिक क्षेत्र का भूमिपूजन, मंत्री लखनलाल देवांगन ने रखी आधारशिला

27 एकड़ में बनेगा नया औद्योगिक क्षेत्र, 10.59 करोड़ की लागत से होगा विकास

कोरबा। केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में कोरबा जिले के दर्री तहसील अंतर्गत ग्राम गोपालपुर में 27 एकड़ भूमि पर नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना हेतु अधोसंरचना विकास कार्यों का भूमिपूजन समारोह आयोजित हुआ।

यह औद्योगिक क्षेत्र लघु, मध्यम एवं बड़े उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करते हुए क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करेगा।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि वर्ष 1980 के बाद आज जिले में नवीन औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जा रहा है। लगभग 10.900 हेक्टेयर (27 एकड़) भूमि पर 10.59 करोड़ की लागत से विकसित होने वाला यह औद्योगिक क्षेत्र कोरबा जिले के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में उद्योगों के विस्तार और अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य की नई औद्योगिक नीति निवेशकों और आम नागरिकों दोनों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।

सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति युवाओं और नवोदित उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तैयार की गई है, जिससे नए उद्योग स्थापित हों और व्यापक रोजगार के अवसर सृजित हों। गोपालपुर के इस नवीन औद्योगिक क्षेत्र में 44 इकाइयों को भूखंड आवंटित किए जाएंगे।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियां उद्योगों के अनुकूल हैं, जिसके कारण निवेशकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत,जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.पवन सिंह,प्रबंध निदेशक सीएसआईडीसी रायपुर विश्वेश कुमार, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, चेम्बर ऑफ कॉमर्स एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि कोरबा जिले में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क का भूमिपूजन क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे जिले के युवाओं एवं नागरिकों के सामाजिक-आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि शासन द्वारा उद्योगों के प्रोत्साहन हेतु लागू की गई नीतियां अत्यंत प्रभावी एवं दूरदर्शी हैं, जिनके परिणामस्वरूप राज्य में औद्योगिक निवेश का अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया गया है, जिससे उद्यमियों को सुविधा और विश्वास दोनों प्राप्त हो रहे हैं।