कोरबा। नगर निगम क्षेत्र के चिमनीभट्टा इलाके में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन में घटिया सामग्री के उपयोग और गुणवत्ता में लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है, वहीं पूर्व पार्षद टीकम राठौर ने जिला प्रशासन से शिकायत करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, जर्जर आंगनबाड़ी भवनों को बदलने और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला खनिज न्यास मद (DMF) से नए भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। चिमनीभट्टा में चल रहे इसी निर्माण कार्य में ठेकेदार पर नियमों की अनदेखी और औपचारिकता निभाने के आरोप लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य बेहद निम्न स्तर का किया जा रहा है। मौके पर पर्याप्त पानी का छिड़काव (वाटरिंग) भी नहीं हो रहा, जिससे भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पुराने और कमजोर सामग्री का उपयोग कर काम पूरा किया जा रहा है।
पूर्व पार्षद टीकम राठौर ने कहा कि उन्हें कई लोगों से शिकायतें मिली हैं और उन्होंने स्वयं निर्माण स्थल का निरीक्षण किया है। उनके अनुसार कार्य में गुणवत्ता नजर नहीं आ रही है तथा यह मामला बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण गंभीर है।
उन्होंने बताया कि जल्द ही कलेक्टर से इसकी शिकायत कर जांच की मांग की जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिले में DMF मद से होने वाले निर्माण कार्यों को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















