मुक्तिधाम तालाब किनारे जुआ खेलते 4 आरोपी गिरफ्तार, 12 हजार नगद जब्त

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ीबहार स्थित मुक्तिधाम तालाब के पास जुआ खेल रहे चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12 हजार रुपये नगद, पांच मोटरसाइकिल और दो दरी जब्त की गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर कुछ लोग ताशपत्ती से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी मोबाइल की टॉर्च जलाकर जुआ खेलते पाए गए।

कार्रवाई के दौरान नरेंद्र साहू, रविशंकर टंडन, बाबूलाल सिंह तथा सीएसईबी कर्मी ब्रम्हानंद राठौर को पकड़ा गया। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में भरत उरांव और दिव्या साहू को साथ लेकर रेड की गई। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की सूचनाओं पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।