कोरबा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदीबाजार इन दिनों गंभीर जल संकट से जूझ रहा है। अस्पताल में पानी की उपलब्धता नहीं होने से मरीजों के उपचार, भर्ती व्यवस्था और दैनिक कार्यों में भारी परेशानी हो रही है। गर्मी बढ़ने के साथ समस्या और गंभीर होती जा रही है।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र से करीब 50 मीटर दूरी पर स्थित एसईसीएल दीपका खदान क्षेत्र का बोरवेल बंद हो जाने से अस्पताल में पेयजल और उपयोगी पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। इसके चलते मरीजों और कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि मरीजों को पीने के पानी के साथ-साथ शौच जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी बाहर जाना पड़ रहा है। शुक्रवार को पूरे दिन पानी उपलब्ध नहीं होने से अस्पताल की व्यवस्थाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं।
गौरतलब है कि इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत सैकड़ों गांव जुड़े हुए हैं, ऐसे में यहां की स्वास्थ्य सेवाएं बाधित होने से बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है।
समस्या को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सहायक चिकित्सा अधिकारी डॉ. युद्धेश सांडे ने जिला चिकित्सा अधिकारी, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर स्थिति से अवगत कराया है।
हालांकि कभी-कभी पानी के टैंकर की व्यवस्था की जाती है, लेकिन सिंटेक्स टंकी तक पानी चढ़ाने में भी दिक्कतें आती हैं।
स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि मरीजों और कर्मचारियों को राहत मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















