वेदांता प्लांट हादसे के घायलों का हाल-चाल जाना मंत्री लखनलाल देवांगन ने

कोरबा। कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई क्षेत्र में स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में बॉयलर हादसे में दिवंगत मजदूरों के प्रति गहरा दु:ख व्यक्त किया।

मंत्री देवांगन घटना में घायल लोगों से अस्पताल पहुंचकर मिले और उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने घायलों को आश्वासन दिया कि उन्हें अच्छी चिकित्सा उपलब्ध कराई जाएगी और वे किसी तरह की चिंता न करें।

मंत्री ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर चर्चा कर स्थिति जानी।

अधिकारियों के निर्देश पर रेस्क्यू टीम मौके पर भिजवाई गई। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल मजदूरों से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न हो और आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध विधिसम्मत सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।