कोरबा। शहर के टीपी नगर क्षेत्र में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है, जिसने नगर निगम अधिकारियों और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया। अज्ञात चोर सड़क के बीच बने डिवाइडर में लगाए गए पाम के पौधों को उखाड़कर ले गए।
बताया जा रहा है कि यह घटना मंगलवार तड़के करीब 4 बजे की है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चार लोग एक इलेक्ट्रिक ऑटो से आते दिखाई दिए। आरोपियों ने हाल ही में लगाए गए तीन से चार पाम पौधों को उखाड़ा, ऑटो में रखा और मौके से फरार हो गए।
नगर पालिक निगम द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण के तहत टीपी नगर से पावर हाउस मुख्य मार्ग तक डिवाइडरों को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है। हाल ही में महापौर संजू देवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की मौजूदगी में रोड डिवाइडर प्लांटेशन का लोकार्पण किया गया था। इस मार्ग पर 160 पाम पौधे लगाए गए हैं, जबकि कुल 600 पौधे रोपित किए जाने की योजना है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी सीएसईबी चौक से शारदा विहार तिराहा तक लगी लोहे की रेलिंग के हिस्से चोरी हो चुके हैं। नशेड़ियों द्वारा रेलिंग तोड़कर कबाड़ में बेचने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।

अब पौधों की चोरी ने शहरवासियों को चौंका दिया है। निगम अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। नगर निगम ने कहा है कि शहर को सुंदर और हरित बनाने के प्रयास जारी रहेंगे तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















