कोरबा। नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के अंतर्गत टीपी नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मातृशक्ति ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा एवं विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने पर खुशी जताई और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि महिलाओं के लिए यह दिन अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिया गया यह निर्णय ऐतिहासिक है, जिससे देश की महिलाएं सशक्त होकर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगी।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी योजनाओं से समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और जागरूकता में वृद्धि हुई है।
छत्तीसगढ़ सरकार भी महिलाओं के सम्मान एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न महिला हितग्राहियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से प्राप्त लाभों के अपने अनुभव साझा किए। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, स्व सहायता समूह, स्वच्छता दीदी जैसी योजनाएं प्रमुख रहीं। महिलाओं ने बताया कि इन योजनाओं से उन्हें न केवल आर्थिक संबल मिला है, बल्कि वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ अपना जीवनयापन कर रही हैं।
कार्यक्रम में महिलाओं ने हस्ताक्षर कर अपनी सहभागिता और उत्साह व्यक्त किया तथा मानव श्रृंखला बनाकर नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया।
इस अवसर पर सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, महिला अधिवक्ताएं, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी- कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
