30 अप्रैल तक स्वयं दर्ज कराएं परिवार की जानकारी, कलेक्टर ने जनगणना महाभियान में शामिल होने का दिया संदेश
कोरबा।देश की प्रगति और भविष्य की सटीक रूपरेखा तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण जनगणना 2027 का जिले में औपचारिक शुभारंभ हो गया है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर ऑनलाइन स्व-गणना (Self-Enumeration) प्रक्रिया की शुरुआत की। उन्होंने इसे आधुनिक और पारदर्शी व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
डिजिटल जनगणना: 30 अप्रैल तक स्वयं दर्ज कर सकेंगे जानकारी
कलेक्टर श्री दुदावत ने बताया कि आम नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इस बार जनगणना प्रक्रिया को डिजिटल रूप दिया गया है, जिससे यह अधिक सरल, सुलभ और समयबद्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना देश और राज्य की योजनाओं का आधार होती है। इसके जरिए प्राप्त आंकड़े सरकार को यह समझने में मदद करते हैं कि किस क्षेत्र में किस प्रकार की सुविधाओं की आवश्यकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सेवाओं की बेहतर योजना और क्रियान्वयन में जनगणना की अहम भूमिका होती है। सही और सटीक जानकारी मिलने से विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने में आसानी होती है।
1 मई से प्रगणक आएंगे आपके द्वार
कलेक्टर ने जानकारी दी कि 1 मई 2026 से जनगणना का पहला चरण शुरू होगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य करेंगे। 30 मई तक चलने वाले इस चरण में आवासीय एवं गैर-आवासीय भवनों की स्थिति, उपयोग और बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, इंटरनेट और संचार से संबंधित जानकारी एकत्र की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
कलेक्टर की अपील
कलेक्टर श्री दुदावत ने जिलेवासियों से आग्रह किया कि वे जनगणना के इस महत्त्वपूर्ण अभियान में अपना सक्रिय सहयोग दें। ऑनलाइन स्व-गणना में भाग लें तथा प्रगणकों को घर-घर सर्वे के दौरान सही, स्पष्ट और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जिले के विकास की सटीक रूपरेखा तैयार की जा सके।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओंकार यादव, योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी मोहन सिंह कंवर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















