समीक्षा बैठक में लक्ष्य पूर्ति पर जोर, जिला खनिज न्यास के कार्यों में गुणवत्ता अनिवार्य

कोरबा। जिला खनिज न्यास के करोड़ों रुपये के कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और विभिन्न योजनाओं की लक्ष्य पूर्ति पर तेज गति से काम करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को प्रशासनिक कार्यालय के सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जिला खनिज न्यास के स्वीकृत कार्यों में अब गुणवत्ता दिखनी ही चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इन कार्यों पर बार-बार सवाल उठे हैं, इसलिए अब गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक में कलेक्टर ने गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल समस्या को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खराब हैंडपंपों की मिशन मोड में मरम्मत के निर्देश दिए। पीएचई विभाग को तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगरीय क्षेत्रों में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने और जिन नगरीय निकायों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

महतारी वंदन योजना पर विशेष जोर
कलेक्टर ने फ्लैगशिप योजना ‘महतारी वंदन’ के अंतर्गत महिलाओं के नि:शुल्क केवाईसी कार्य पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से केवाईसी प्रक्रिया को और तेज करने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

अन्य महत्वपूर्ण निर्देश

पीडीएस व्यवस्था में माह के अंत तक सभी सोसायटियों में खाद्यान्न का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने और पारदर्शी वितरण करने के निर्देश।

स्वास्थ्य विभाग को गंभीर बीमारियों के आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करने तथा टीबी की एक्स-रे जांच बढ़ाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य स्वास्थ्य इकाइयों को सक्रिय करने को कहा।

कर्मयोगी अभियान के तहत सभी कर्मचारियों का पोर्टल पर अनिवार्य पंजीयन और प्रशिक्षण पूर्ण करने के निर्देश।

निष्क्रिय योजनाओं के खातों को बंद कर शेष राशि शासन खाते में जमा करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा गया।

बैठक में अच्छे कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना की गई, जबकि धीमी प्रगति वाले मामलों में नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में निगमायुक्त आशुतोष पाण्डेय, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।