कबरबिज्जू को पानी की टंकी से सुरक्षित निकाला, नोवा नेचर टीम का सफल रेस्क्यू ऑपरेशन

कोरबा।कटघोरा वन मंडल के ग्राम मुढाली में एक एशियन पाम सिवेट (कबरबिज्जू) को पानी की निर्माणाधीन टंकी से सुरक्षित बाहर निकाला गया। यह बिज्जू कई दिनों से टंकी में फंसा हुआ था।

नोवा नेचर वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बचाकर जंगल में छोड़ दिया।

जितेन्द्र सारथी ने बताया कि हरदीबाजार क्षेत्र के ग्राम मुढाली में बन रही पानी की टंकी में यह बिज्जू गिर गया था। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने के लिए टंकी में सीढ़ी लगाई, लेकिन कई दिनों तक वह बाहर नहीं निकल पाया। भूपेंद्र दास ने नोवा नेचर टीम के जितेंद्र सारथी को सूचना दी।

डीएफओ के मार्गदर्शन में नोवा नेचर टीम के सदस्य राजू बर्मन और बबलू मारवा को तत्काल घटनास्थल भेजा गया।

टीम ने गांव पहुंचकर लगभग एक घंटे तक चले जोखिम भरे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बिज्जू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पंचनामा तैयार करने के बाद वन विभाग ने बिज्जू को उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया।

इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कटघोरा रेंजर शुभम मिश्रा, बीट प्रभारी रज्जन सिंह, परिक्षेत्र सहायक संतोष कुमार रात्रे और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।