औद्योगिक हादसे में सुरक्षा मानकों की होगी जांच : उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन

कोरबा।सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता थर्मल पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुए भीषण हादसे के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है।

उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एक विशेष टीम गठित की गई है, जो सुरक्षा मानकों सहित कई बिंदुओं पर गहन जांच करेगी। जो भी दोषी पाए जाएंगे, वे जवाबदेह होंगे।

मंत्री देवांगन ने घायलों के समुचित इलाज और मृतकों के परिजनों को शासन के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा देने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। घटना के बाद प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि राहत कार्य में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी घायलों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जांच के लिए गठित विशेष टीम मौके पर पहुंचकर तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं की बारीकी से पड़ताल करेगी। हादसे के समय प्लांट में सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।

ठेकेदार, सुपरवाइजर और प्रबंधन की भूमिका की भी समीक्षा होगी।

मंत्री देवांगन ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने जोर दिया कि श्रमिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।