संत शिरोमणि सेन महाराज की 726वीं जयंती धूमधाम से मनाई, निकली भव्य शोभायात्रा व बाइक रैली

कोरबा। संत शिरोमणि सेन महाराज की 726वीं जयंती श्रीवास नाई सामाजिक कल्याण समिति, जिला कोरबा द्वारा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर गुफा मंदिर सीतामढ़ी से भव्य शोभायात्रा एवं बाइक रैली निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुराना बस स्टैंड क्षेत्र तक पहुंची। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग, महिलाएं, युवा और बच्चे शामिल हुए।

जयंती के अवसर पर पुरानी बस्ती स्थित श्रीवास महिला समिति द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए शीतल शरबत एवं भोग-प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान संत शिरोमणि सेन महाराज के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित कर क्षेत्र व प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई।

कार्यक्रम का आयोजन समिति की अध्यक्ष श्रीमती कौशिल्या गोपाल श्रीवास के नेतृत्व में सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

आयोजन में प्रमुख रूप से जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित समाज के वरिष्ठजन शामिल हुए।

समिति की महिलाओं और पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भक्तिमय रहा और समाज में उत्साह का माहौल देखने को मिला।