तेंदूभांठा में निर्माणाधीन एनिकट का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

समयावधि में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश

कोरबा।पाली विकासखंड के तेंदूभांठा गांव में जल संसाधन विभाग द्वारा निर्माणाधीन एनिकट का जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी से कार्य की वर्तमान स्थिति, प्रगति तथा परियोजना की कुल लागत, इससे लाभान्वित होने वाले गांवों, किसानों की संख्या और प्रस्तावित सिंचित रकबा क्षेत्र की विस्तृत जानकारी ली।
एसडीएम पाली रोहित सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य की गति बढ़ाने, श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

कलेक्टर ने क्रियान्वयन एजेंसी को कार्य का नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा,ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके और क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हो।