कोरबा-छुरीकला।छुरीकला नगर पंचायत में भीषण गर्मी बढ़ते ही पानी की समस्या गंभीर रूप ले रही है। कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति नाकाफी हो गई है, जिससे लोगों को एक बाल्टी पानी के लिए भी भटकना पड़ रहा है।
नगर पंचायत क्षेत्र में पानी की आपूर्ति एक दिन के अंतराल पर हो रही है, लेकिन वह भी पर्याप्त नहीं है। सबसे ज्यादा समस्या इंदिरा चौक में है, जहां लोग बोर पर आश्रित हैं। यहां एक वैकल्पिक बोर लगाया गया था, लेकिन उसे कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया और मकान निर्माण तथा तराई के लिए हजारों लीटर पानी बेकार बहा रहे हैं।
इस बोर से 24 घंटे पानी बहने के कारण मोटर पैनल खराब हो गया, जिससे वैकल्पिक व्यवस्था भी ठप्प पड़ गई है।
उल्लेखनीय है कि इस रास्ते से पंचायत के सभी पार्षदों का रोजाना आना-जाना लगा रहता है, फिर भी उन्होंने इस बेकार पानी बहने पर कोई हस्तक्षेप नहीं किया।
चुनाव के दौरान अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशियों ने घर-घर पानी पहुंचाने और आदर्श नगर पंचायत बनाने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन चुनाव हुए एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे नगरवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
नगर पंचायत द्वारा बोर और वाटर टैंकर से आपूर्ति की जा रही है, लेकिन लोग इसे “ऊंट के मुंह में जीरा” बता रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों से तत्काल स्थायी समाधान की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















