कोरबा। कटघोरा-ढेलवाडीह बाईपास मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार 407 वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान 29 वर्षीय आशुतोष कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो एसईसीएल सुराकछार खदान में माइनिंग सरदार के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि आशुतोष ड्यूटी खत्म कर बुलेट से अपने घर लौट रहे थे, तभी ढेलवाडीह बाईपास पर सामने से आ रही 407 मिनी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट के परखच्चे उड़ गए और आशुतोष सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी हालत नाजुक होने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एसईसीएल के अधिकारी और सहकर्मी भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
कटघोरा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त 407 वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए बाईपास मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने जल्द ही नियंत्रित कर लिया।
स्थानीयों में आक्रोश, सुरक्षा उपायों की मांग
स्थानीय लोगों ने बाईपास पर लगातार हो रहे हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से स्पीड ब्रेकर लगाने और यातायात पुलिस की तैनाती की मांग की है। उनका कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क पर संकेतकों की कमी के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















