भीषण गर्मी में जल संकट गहराया, कई वार्डों में टैंकरों से हो रही आपूर्ति

कोरबा । जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शहर के कई वार्डों में जल संकट गहराता जा रहा है। विशेषकर अंतिम छोर और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बसे मोहल्लों में पानी की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है, जहां टंकियों से नियमित जल आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

चेकपोस्ट वार्ड की पुरानी कॉलोनी, रामपुर वार्ड का ऊपरी पारा, ओवरबर्डन क्षेत्र का गायत्री नगर और इमलीडुग्गू जैसे इलाकों में लोग पानी के लिए परेशान हैं। इन क्षेत्रों में नगर निगम द्वारा सुबह-शाम टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है।

टैंकर पहुंचते ही पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है। कोई बाल्टी तो कोई अन्य बर्तन लेकर लाइन में लग जाता है, लेकिन कुछ ही मिनटों में टैंकर का पानी खत्म हो जाता है, जिससे कई लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता।

निगम के जल प्रभारी राकेश मसीह के अनुसार जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन से पानी नहीं पहुंच पा रहा है और बोरवेल भी फेल हो चुके हैं, वहां फिलहाल टैंकरों से ही जल आपूर्ति की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग करते हुए नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की है।