सक्ती। जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के भीतर अचानक बॉयलर फटने से भीषण विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आने से 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक कामगार गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। उस समय कई श्रमिक ड्यूटी पर मौजूद थे, जिससे जनहानि अधिक हुई।
हादसे के तुरंत बाद घायलों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार 5-6 मजदूरों की स्थिति अत्यंत नाजुक है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। प्लांट परिसर में राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मलबे में अभी भी कुछ मजदूरों के फंसे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















