कोरबा।सीएसईबी कॉलोनी-पूर्व में कंडम घोषित 428 मकानों का डिस्मेंटल कार्य अधूरा छोड़कर ठेका कंपनी भाग गई है। इससे कॉलोनी में गंभीर सुरक्षा समस्या खड़ी हो गई है।
आरोप है कि खाली पड़े मकानों में असामाजिक तत्वों और बाहरी लोगों ने कब्जा कर लिया है। इनकी गतिविधियों से कॉलोनी के मूल निवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। देर रात तक बाहरी लोगों की आवाजाही होने और चोरी की घटनाओं में वृद्धि से स्थानीय परिवार परेशान हैं।
कॉलोनी के लोगों ने कई बार प्रशासन और सीएसईबी प्रबंधन को लिखित शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि सीएसईबी प्रबंधन की ओर से कंडम घोषित सभी मकानों को पहले खाली करा लिया गया था। ज्यादातर मकानों में पहले से बाहरी लोगों का कब्जा था।
अब डिस्मेंटल कार्य अटक जाने से बिना खिड़की-दरवाजे वाले मकानों में असामाजिक तत्वों ने कब्जा कर लिया है।
कुछ मकानों में खिड़कियों में ईंट जोड़ दी गई है, तो कुछ में पर्दा लगाकर रहना शुरू कर दिया गया है। अवैध बिजली कनेक्शन भी जोड़ लिए गए हैं।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि अगर जल्द ही इन मकानों का डिस्मेंटल कार्य पूरा नहीं किया गया तो कॉलोनी में बड़े पैमाने पर सुरक्षा समस्या और अवैध गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















