डीडीएम रोड निर्माण को लेकर सांसद और पूर्व पार्षद ने कलेक्टर को लिखा पत्र

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के अंतर्गत आने वाली डीडीएम रोड के निर्माण और मरम्मत को लेकर जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है।

कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने कलेक्टर को पत्र लिखकर जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से डीडीएम रोड निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने की मांग की है।

उन्होंने प्रस्तावित कार्यों की सूची में इस सड़क को शामिल करते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की अपील की।

पूर्व पार्षद महेश अग्रवाल ने भी कलेक्टर को अलग पत्र लिखकर बताया कि डीडीएम रोड की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

यह शहर का प्रमुख एवं व्यस्त मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी उपेक्षा की जा रही है। सड़क निर्माण के 15 वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो इसकी मरम्मत हुई है और न ही कोई संधारण कार्य किया गया है।

इस मार्ग पर डीडीएम स्कूल, ग्रीन कॉलोनी, साईं कुंज, जिला चेम्बर कार्यालय, कांग्रेस कार्यालय सहित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान और घनी आबादी वाले क्षेत्र हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सांसद और पूर्व पार्षद दोनों ने कलेक्टर से डीडीएम रोड के निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति देने और त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।