ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी से मिलता नया जीवन : डॉ. त्यागी

दर्द से राहत के साथ बेहतर जीवन गुणवत्ता, नियमित फिजियोथेरेपी जरूरी

कोरबा।न्यू कोरबा हॉस्पिटल में मेदांता हॉस्पिटल के वरिष्ठ जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. विपिन चंद्र त्यागी ने मरीजों को परामर्श एवं उपचार देकर लाभान्वित किया। इस दौरान उन्होंने जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी के महत्व और इसके लाभों पर विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. त्यागी ने बताया कि यह सर्जरी केवल दर्द से राहत ही नहीं देती, बल्कि मरीजों को बेहतर जीवन गुणवत्ता भी प्रदान करती है। घुटनों और कूल्हों के गंभीर दर्द से पीड़ित, खासकर बुजुर्ग मरीजों के लिए यह सर्जरी नई उम्मीद लेकर आती है, जिससे वे फिर से सामान्य जीवन जी पाते हैं।

उन्होंने जॉइंट रिप्लेसमेंट को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि यह एक सुरक्षित और सफल प्रक्रिया है। देश में इस सर्जरी की बढ़ती संख्या इसकी सफलता को दर्शाती है। डॉ. त्यागी अब तक 10 हजार से अधिक सफल सर्जरी कर चुके हैं।

सर्जरी के बाद देखभाल पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि मरीजों को कम से कम 5 से 6 सप्ताह तक नियमित फिजियोथेरेपी और व्यायाम करना चाहिए, जिससे वे तेजी से स्वस्थ होकर सामान्य दिनचर्या में लौट सकें।

उन्होंने बताया कि 50-60 वर्ष की आयु में जोड़ों की समस्याएं आम हो जाती हैं, जिनका मुख्य कारण खराब जीवनशैली है। उकड़ू बैठना और पालथी मारकर बैठने जैसी आदतों से बचने तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

डॉ. त्यागी के अनुसार मोटापा जोड़ों की समस्याओं का प्रमुख कारण है, जिससे अर्थराइटिस तेजी से बढ़ता है।

इसलिए स्वस्थ जीवन के लिए वजन नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है।