757 अधिवक्ताओं ने किया मतदान, विभिन्न पदों के लिए कड़ा मुकाबला
कोरबा।जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो गया। कुल 813 मतदाताओं में से 757 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि 56 मतदाता अनुपस्थित रहे।
चुनाव में वरिष्ठ,महिला और युवा अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे लोकतांत्रिक उत्साह साफ नजर आया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई और कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया है, जिसका फैसला 13 अप्रैल को मतगणना के बाद सामने आएगा। मतपेटियों को सील कर न्यायालय परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
इस चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 4 उम्मीदवार मैदान में हैं।
वहीं उपाध्यक्ष (पुरुष) के लिए 6, उपाध्यक्ष (महिला) के लिए 3, सचिव के लिए 3, सह सचिव के लिए 2, कोषाध्यक्ष के लिए 3 और ग्रंथालय सचिव के लिए 4 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। कार्यकारिणी सदस्य के 4 पदों के लिए 10 उम्मीदवार आमने-सामने हैं, जबकि कुछ पदों पर निर्विरोध निर्वाचन भी हुआ है।
पूरी चुनाव प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में संपन्न हुई। अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं, जहां नए पदाधिकारियों का फैसला होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















