कोरबा।जिले के बाँकीमोंगरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक टायर गोदाम में भीषण आग लग गई। यह घटना सुतर्रा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर तरुण पियूष दुकान के सामने स्थित गोदाम में हुई।
आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा था और लपटें आसमान की ओर जा रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम के सामने लगे ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकली, जो सीधे गोदाम में रखे टायरों तक पहुँच गई। इससे आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया। आग लगने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल वाहन मौके पर पहुँचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी आग पर काबू पाने में मदद की, लेकिन टायरों में लगी आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि काबू पाना मुश्किल हो रहा था।
आग की लपटों से पास खड़ा एक ट्रेलर वाहन भी खतरे में आ गया था, जिसे स्थानीय लोगों की सूझबूझ से समय रहते सुरक्षित हटा लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुँचकर भीड़ को नियंत्रित किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया।
इस घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपये का टायर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण लगी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















