गेवरा, दीपका व कुसमुंडा परियोजनाओं का दौरा, डिस्पैच व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
कोरबा।देश में बढ़ती बिजली की मांग और गर्मी के मौसम को देखते हुए कोयला उत्पादन एवं आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने रविवार को कोरबा स्थित मेगा कोल परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
सीएमडी दुहन ने एशिया की प्रमुख ओपनकास्ट खदानों गेवरा, दीपका और कुसमुंडा परियोजना का विस्तृत दौरा किया और उत्पादन, डिस्पैच, सुरक्षा तथा आधारभूत संरचना की गहन समीक्षा की।
सीएमडी के प्रमुख निर्देश
निरीक्षण के दौरान श्री दुहन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बढ़ते तापमान में देशभर के ताप विद्युत संयंत्रों तक कोयले की आपूर्ति बिल्कुल बाधित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने डिस्पैच सिस्टम को अधिक प्रभावी बनाने,ट्रकों की आवाजाही सुचारु रखने और लोडिंग-अनलोडिंग प्रक्रिया को समयबद्ध करने पर विशेष जोर दिया।
सीएमडी ने कहा कि कोयला उत्पादन के साथ-साथ तेज और सुरक्षित डिस्पैच ही ऊर्जा सुरक्षा की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
अन्य मुद्दों पर फोकस
खदान क्षेत्रों में ट्रांसपोर्टेशन नेटवर्क, हॉल रोड, ट्रक पार्किंग और लॉजिस्टिक प्रबंधन की समीक्षा की गई।
भारी वाहनों की आवाजाही से स्थानीय यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए वैज्ञानिक ट्रैफिक मैनेजमेंट लागू करने के निर्देश दिए।
गेवरा रोड-कुसमुंडा रेलवे क्रॉसिंग पर हो रही बाधाओं को दूर करने के लिए ओवरब्रिज/अंडरपास निर्माण कार्य को प्राथमिकता पर तेज करने को कहा।
आगामी मानसून को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था, मशीनों के रखरखाव, स्लोप स्थिरता और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
ओवरबर्डन हटाने की प्रगति, मशीनरी उपयोग क्षमता बढ़ाने और नई तकनीक अपनाने पर जोर दिया गया।
सुरक्षा और समन्वय पर विशेष जोर
सीएमडी हरीश दुहन ने श्रमिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सतत खनन गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उत्पादन बढ़ाने के साथ सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बेहतर टीमवर्क, समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन से ही देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा किया जा सकता है।
दौरे के दौरान एसईसीएल मुख्यालय एवं परियोजना स्तर के वरिष्ठ अधिकारी, महाप्रबंधक तथा तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















