व्यापारियों को मिली बड़ी सौगात! आनंद बाजार वेंडिंग जोन का लोकार्पण, मंत्री देवांगन ने सौंपी दुकानों की चाबी

कोरबा।उद्योग,वाणिज्य,श्रम,आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर कोरबा के लघु व्यवसायियों को बड़ी सौगात दी है।

नगर निगम द्वारा तैयार किए गए आनंद बाजार वेंडिंग जोन का लोकार्पण करते हुए मंत्री देवांगन और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने सड़क किनारे फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले लघु व्यापारियों को स्थाई दुकानें सौंपीं। अब इन व्यापारियों को बार-बार दुकान हटाने का डर नहीं सताएगा और वे निश्चिंत होकर अपना व्यवसाय चला सकेंगे।

लोकार्पण कार्यक्रम में महापौर संजूदेवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा,“मेरे पिताजी और मैं स्वयं सड़क साइट पर दुकान लगाकर व्यापार करते थे। इसलिए रोड साइट पर व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों के दुख-दर्द को मैं अच्छी तरह समझता हूँ। मेरा संकल्प है कि जब तक उन्हें स्थाई ठिकाना उपलब्ध नहीं करा दिया जाता, तब तक उन्हें उनके स्थान से नहीं हटाया जाएगा।”

महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि शहर के छोटे-छोटे व्यवसायियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जहां वे व्यवसाय कर रहे हैं, उन्हें वहां से नहीं हटाया जाएगा, जब तक स्थाई स्थान उपलब्ध नहीं करा दिया जाए।

इस अवसर पर मंत्री देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने नवनिर्मित आनंद बाजार वेंडिंग जोन की दुकानों की चाबियाँ लघु व्यापारियों को प्रदान कीं।

कार्यक्रम में पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, पंकज देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश जैन, मनोज अग्रवाल, रूखमणी नायर, जोन कमिश्नर भूषण उरांव सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।