कोरबा।कटघोरा नगर पालिका परिषद में बिना कार्य कराए ही 41.21 लाख रुपये के भुगतान का मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायत के बाद अधिकारियों और ठेकेदार ने आनन-फानन में पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू करा दिया।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-5 में पाइपलाइन बिछाने का कार्य स्वीकृत हुआ था, लेकिन लंबे समय तक कोई काम नहीं किया गया। इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा ठेका कंपनी को 41.21 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया।
नवागांव निवासी अनिल अग्रवाल ने इस मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की, जिसमें बताया गया कि 15वें वित्त मद के तहत निविदा क्रमांक 164564 (दिनांक 17 जनवरी 2025) के माध्यम से कार्य स्वीकृत हुआ था, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ।
शिकायत के बाद हरकत में आए प्रशासन और ठेकेदार ने नवागांव वार्ड क्रमांक-5, गौरेला मार्ग में तत्काल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया। अचानक शुरू हुए काम को देखकर स्थानीय लोग भी हैरान रह गए।
इस पूरे मामले में नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, कटघोरा सीएमओ मुद्रिका तिवारी से पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















