सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने जताई नाराजगी, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
कोरबा।जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की मौजूदगी में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुधारात्मक उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में तत्काल सुधार कार्य किए जाएं। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण किए जाएं, अन्यथा लापरवाही बरतने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने सड़कों के किनारे पेड़ों की कटाई, झाड़ियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, सोल्डर भराई, रेडियम युक्त संकेतक बोर्ड लगाने, रंबल स्ट्रिपर और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित पानी छिड़काव कर धूल नियंत्रण करने को भी कहा गया।
पीडब्ल्यूडी सेतु विभाग को जिले के सभी पुल-पुलियों का सर्वे कर क्षतिग्रस्त बैरिकेडिंग और गड्ढों की मरम्मत जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए। वहीं परिवहन विभाग को प्रमुख मार्गों की सूची तैयार कर ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में नगर निगम, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको सहित विभिन्न विभागों और औद्योगिक संस्थानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















