विपक्ष को नहीं मिला दो-तिहाई बहुमत, जीत के बाद समर्थकों ने मनाया जश्न
कोरबा।जिले के ग्राम पंचायत करूमौहा में लंबे समय से चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच सरपंच के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव आखिरकार विफल हो गया। मतदान में पर्याप्त समर्थन नहीं मिलने से प्रस्ताव पारित नहीं हो सका और सरपंच ने बहुमत साबित करते हुए अपनी कुर्सी बचा ली।
जानकारी के अनुसार पंचायत में कुल 12 पंच हैं, जिसमें अविश्वास प्रस्ताव पारित करने के लिए विपक्ष को दो-तिहाई बहुमत यानी 9 वोटों की आवश्यकता थी। लेकिन मतदान के दौरान विपक्ष को केवल 8 वोट ही मिल पाए, जिससे प्रस्ताव गिर गया। वहीं सरपंच को 4 वोट प्राप्त हुए, जो एक-तिहाई से अधिक होने के कारण उनके पक्ष में निर्णायक साबित हुए।
परिणाम घोषित होते ही सरपंच समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने पारंपरिक अंदाज में जश्न मनाते हुए सरपंच का स्वागत किया, उन्हें दूध से नहलाया और मिठाइयां बांटी। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
समर्थकों ने इसे विकास कार्यों और जनविश्वास की जीत बताया है। वहीं इस घटनाक्रम के बाद पंचायत की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है और आने वाले समय में विकास कार्यों पर इसके प्रभाव की उम्मीद जताई जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















