परिवार बाल-बाल बचा, हजारों का नुकसान; जर्जर भवनों पर उठे सवाल
कोरबा।कोरबा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक मकान के ऊपरी हिस्से का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि नीचे रह रहा परिवार इस हादसे में बाल-बाल बच गया, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।
घटना इतनी अचानक हुई कि घर के लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। छज्जा गिरने से मलबा घर के सामने और अंदर तक फैल गया, जिससे घरेलू सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस घटना में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि रामपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के अधिकांश भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में हैं।
नियमित रखरखाव और मरम्मत नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कॉलोनीवासियों ने कई बार संबंधित विभागों को शिकायत भी की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और जर्जर भवनों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















