33/11 केवी उपकेंद्र शुरू: मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया लोकार्पण, 5 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत कसनिया में नवनिर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का सोमवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम, सार्वजनिक उपक्रम तथा आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड⁠� के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

करीब 1 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस उपकेंद्र की स्थापित क्षमता 3.15 एमवीए है। इसके शुरू होने से कटघोरा, कापूबहरा, सुतर्रा, मोहनपुर, अमरपुर, घूँचापुर, दादर, लखनपुर और राल सहित आसपास के क्षेत्रों के लगभग 5 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाली और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

पूर्व में एक ही सबस्टेशन पर अधिक लोड होने के कारण बार-बार बिजली बाधित होती थी और उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ती थी। नए उपकेंद्र के चालू होने से ओवरलोडिंग की समस्या से राहत मिलेगी और तकनीकी खामियों का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

मंत्री लखनलाल देवांगन ने इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपकेंद्र कटघोरा क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं विधायक प्रेमचंद पटेल ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए आमजन से सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।