नगर सेना विभाग में महिला सैनिकों के साथ कथित अभद्र व्यवहार, तीन महीने बाद भी जांच नहीं शुरू

कोरबा। जिले के नगर सेना विभाग में महिला सैनिकों के साथ कथित अभद्र व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना और अपमानजनक टिप्पणियों का मामला अब गंभीर प्रशासनिक मुद्दा बनता जा रहा है। जानकारी के अनुसार, महिला सैनिकों द्वारा विशाखा कमेटी को शिकायत दिए हुए लगभग तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक जांच प्रक्रिया शुरू नहीं होने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

बताया जा रहा है कि विभागीय माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है और महिला सैनिकों का धैर्य जवाब देने लगा है।

लगातार शिकायतों और उच्च अधिकारियों तक मामला पहुंचाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी उग्र आंदोलन का रूप ले सकती है।

महिला सैनिकों और अन्य कर्मचारियों द्वारा दिए गए शिकायत पत्रों में जिला सेनानी पर अशोभनीय व्यवहार, मानसिक दबाव और महिला गरिमा के खिलाफ आचरण जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने मामले को कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, महिला आयोग और विभागीय अधिकारियों तक विधिवत पहुंचाया, लेकिन अब तक जांच शुरू नहीं हुई है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस तरह की संवेदनशील शिकायतों पर भी समयबद्ध कार्रवाई नहीं होना महिला सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों को हल्के में लेने जैसा है।

इससे व्यवस्था पर भरोसा कमजोर पड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मामला विशाखा कमेटी तक भी पहुंचाया गया था ताकि निष्पक्ष जांच हो सके, लेकिन तीन महीने बाद भी कोई ठोस पहल नहीं होने से असंतोष लगातार बढ़ रहा है।

सूत्रों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो महिला सैनिक और अन्य कर्मचारी धरना, प्रदर्शन, ज्ञापन, विरोध मार्च या कानूनी कार्रवाई जैसे कदम उठा सकते हैं।