पटपरा राशन गबन मामला: अध्यक्ष, सचिव और विक्रेता पर दर्ज होगी एफआईआर

400 से अधिक हितग्राहियों को नहीं मिला राशन, जांच में बड़े पैमाने पर अनियमितता उजागर

कोरबा।विकासखंड पाली के ग्राम पंचायत पटपरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन गबन के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं एसडीएम पाली के निर्देश पर खाद्य निरीक्षक को तत्काल पुलिस थाना पाली में मामला दर्ज कराने को कहा गया है।

जांच में सामने आया कि महिला जागृति स्व सहायता समूह भोड़कछार द्वारा संचालित इस दुकान में जनवरी 2026 के वितरण रिकॉर्ड में गंभीर हेराफेरी की गई।

562 राशनकार्डधारियों के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान तो दर्ज किए गए, लेकिन वास्तविकता में 400 से अधिक हितग्राहियों को राशन नहीं दिया गया।

इसके अलावा मार्च 2026 के आवंटन में से 154 क्विंटल चावल का वितरण नहीं किया गया, जबकि भौतिक सत्यापन के दौरान 50 किलो चावल स्टॉक में कम पाया गया। जांच दल को स्टॉक से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे गबन और आर्थिक अनियमितता की पुष्टि होती है।

प्रशासन ने इस मामले में तत्कालीन संचालक संस्था की अध्यक्ष कांति बाई,सचिव अनिता और विक्रेता रविन्द्र कुमार को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में पीडीएस व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की दिशा में एक सख्त संदेश गया है।