बिजली बिल ने किया परेशान, जनदर्शन में 113 आवेदन, कई गांवों से आई शिकायतें

मनमानी बिलिंग और राशन शिकायतों पर कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

कोरबा।जिले में बिजली बिल की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। समाधान योजना के बावजूद उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है, जिसका असर सोमवार को आयोजित जनदर्शन में साफ दिखाई दिया।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुए जनदर्शन में कुल 113 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सबसे अधिक शिकायतें मनमाने बिजली बिल से संबंधित रहीं।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने इन शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। सरईसिंगार निवासी प्रकाश चन्द्र साहू ने अपने 14 वर्षीय दिव्यांग पुत्र यश कुमार साहू के लिए पेंशन और व्हीलचेयर की मांग को लेकर आवेदन दिया, जिस पर समाज कल्याण विभाग को शीघ्र कार्रवाई करने कहा गया है।

वहीं विभिन्न ग्रामों से आए संतोष कुमार, सामरत यादव सहित अन्य लोगों ने बिजली वितरण कंपनी पर मनमानी बिलिंग का आरोप लगाया। इस पर प्रशासन ने सीएसईबी वितरण कंपनी के अधिकारियों को राज्य शासन की नई गाइडलाइन के अनुसार उपभोक्ताओं को राहत देने और योजना की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा खोड्डल सहित अन्य गांवों से राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायतें भी सामने आईं, जिस पर फूड ऑफिसर को जांच के निर्देश दिए गए हैं।

जनदर्शन में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की विभिन्न समस्याओं पर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान एडीएम देवेन्द्र पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।