“चलव दीदी खेल खेले बर जाबो” से जागा उत्साह, महिलाओं के लिए अनोखी प्रतियोगिता 12 अप्रैल को

बचपन के पारंपरिक खेलों के जरिए महिला शक्ति, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास को मिलेगा मंच

कोरबा।आधुनिक जीवन की भागदौड़ और मोबाइल के बढ़ते प्रभाव के बीच कोरबा नगर में महिलाओं के लिए एक अनोखी पहल सामने आई है। “बचपन की टिकट” के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत 12 अप्रैल को अशोक वाटिका, टीपी नगर में महिलाओं के लिए विशाल नि:शुल्क खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

इस आयोजन में शहर और आसपास की महिलाएं बचपन के पारंपरिक खेलों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन करेंगी। कभी गांव-गली और मोहल्लों में खेले जाने वाले ये खेल अब आधुनिकता की दौड़ में पीछे छूटते जा रहे हैं, जिन्हें फिर से जीवंत करने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम की थीम “चलव दीदी खेल खेले बर जाबो” ने महिलाओं के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया है।यह केवल एक नारा नहीं,बल्कि महिलाओं को दैनिक जिम्मेदारियों से कुछ समय निकालकर अपने बचपन,ऊर्जाऔर आत्मविश्वास से जुड़ने का भावनात्मक संदेश भी है।

आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को एक मंच प्रदान करना है, जहां वे मनोरंजन के साथ-साथ स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा दे सकें। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और लोक-संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।