पीएम आवास योजना के 138 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित

महापौर ने दिए निर्माण अनुमति पत्र, 2.50 लाख की सहायता चार किश्तों में मिलेगी

कोरबा।नगर निगम कोरबा में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत हितग्राहियों को आवास स्वीकृति और निर्माण अनुमति पत्र वितरित किए गए। निगम कार्यालय साकेत में आयोजित कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत ने “मोर जमीन-मोर मकान” बीएलसी घटक के 138 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए।

योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र में अब तक 3582 नए हितग्राहियों को आवास की स्वीकृति मिल चुकी है।

महापौर ने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके माध्यम से देशभर में गरीब और जरूरतमंद लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि प्रत्येक हितग्राही को मकान निर्माण के लिए शासन से 2 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि चार किश्तों में दी जाएगी। इसमें पहली किश्त 63 हजार, दूसरी 87 हजार, तीसरी 65 हजार और चौथी किश्त 35 हजार रुपये की होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि यदि हितग्राही 18 माह के भीतर मकान निर्माण पूर्ण कर लेते हैं, तो उन्हें छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत 32 हजार 850 रुपये की अतिरिक्त राशि भी प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम में हितग्राहियों ने योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द अपने घर का निर्माण पूर्ण करने का संकल्प लिया।