सरपंच की मारपीट से अस्पताल कर्मी की मौत, परिजनों का हंगामा

पोस्टमार्टम कक्ष में ताला, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज

कोरबा। बेंदरकोना सरपंच जय कुमार ठाकुर द्वारा 30 मार्च को शव के पोस्टमार्टम को लेकर मारपीट किए गए अस्पताल कर्मी बालकृष्ण चनईया की उपचार के दौरान मौत हो गई।

इस घटना से नाराज मृतक के परिजनों और अस्पताल कर्मियों ने जोरदार हंगामा किया। उन्होंने आरोपी सरपंच की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और पोस्टमार्टम कक्ष पर ताला लगा दिया, जिससे संबंधित कार्य प्रभावित हो गए।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई थी। शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया। सरपंच ने पोस्टमार्टम जल्द कराने के लिए दबाव बनाया। मर्चुरी कर्मी व्यस्त होने पर इंतजार करने को कहा तो सरपंच आवेश में आ गया और कर्मचारी का सिर दीवार पर पटक दिया।

बालकृष्ण चनईया को आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक की बड़ी बेटी लक्ष्मी ने बताया कि उनके पिता के साथ ड्यूटी के दौरान सरपंच द्वारा मारपीट की गई, जिसके कारण उनकी मौत हुई।

जिला मेडिकल कॉलेज के संयुक्त संचालक गोपाल कंवर ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई थी और मामला दर्ज कर लिया गया है। परिजन आरोपी सरपंच की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।