हर घर नल कनेक्शन से मिली राहत, समय और श्रम की बचत के साथ बढ़ा आत्मविश्वास
कोरबा।करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत बुढियापाली के आश्रित ग्राम ढिटोरी में जल जीवन मिशन के प्रभाव से ग्रामीण जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। जिला मुख्यालय से लगभग 36 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में पहले स्वच्छ पेयजल की भारी समस्या थी, जिससे खासकर महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
गांव की निवासी 38 वर्षीय जोगिनी बाई बताती हैं कि पहले उन्हें दूर-दूर तक जाकर पानी लाना पड़ता था। हर मौसम में यह काम बेहद कठिन और समय लेने वाला था, जिससे शारीरिक श्रम भी अधिक होता था।
अब हर घर जल के तहत ढिटोरी के सभी 176 घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध करा दिए गए हैं। पाइपलाइन के माध्यम से सुबह-शाम घर पर ही स्वच्छ पेयजल मिलने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
इस योजना से महिलाओं को पानी ढोने के पुराने और कठिन कार्य से मुक्ति मिली है, जिससे उनके समय और ऊर्जा की बचत हो रही है। साथ ही, स्वच्छ पानी की उपलब्धता से स्वास्थ्य में सुधार हुआ है और आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
जल जीवन मिशन ने ढिटोरी में न केवल पेयजल की समस्या का समाधान किया है, बल्कि महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाते हुए उन्हें आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी दिया है।
गांव में अब खुशहाली का माहौल है और जोगिनी बाई जैसी कई महिलाओं के जीवन में सम्मान और सहजता आई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















