कोरबा में भाजपा का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

दीनदयाल कुंज में ध्वजारोहण, गोष्ठी और जनसेवा के संकल्प के साथ गूंजे पार्टी के विचार

कोरबा।भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर 6 अप्रैल को भाजपा जिला मुख्यालय पं. दीनदयाल कुंज, टीपी नगर कोरबा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद गोष्ठी में पार्टी की विचारधारा, इतिहास और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में उद्योग व आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री संजय शर्मा व अजय विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष अजय पांडेय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर दीनदयाल कुंज को आकर्षक सजावट से उत्सवमय रूप दिया गया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करते हुए गांव चलो–बस्ती चलो अभियान के तहत जनसंपर्क बढ़ाने और शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने बताया कि भाजपा की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी और इससे पूर्व जनसंघ के रूप में पार्टी ने कार्य किया। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा में पार्टी नेताओं के योगदान का उल्लेख करते हुए आपातकाल के दौर को भी याद किया।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सिद्धांतों और नेतृत्व को स्मरण करते हुए कहा गया कि उन्होंने कभी मूल्यों से समझौता नहीं किया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए फैसलों और जनकल्याणकारी योजनाओं को देश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और विभिन्न सेवा गतिविधियों के आयोजन का संकल्प लिया गया।