कोरबा।कोरबा से कुसमुंडा मार्ग पर स्थित हसदेव सेतु की जर्जर सड़क को लेकर लंबे समय से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। नगर निगम ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मरम्मत कार्य के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली है और अगले एक पखवाड़े में वर्क ऑर्डर जारी करने की तैयारी है।
हसदेव सेतु पर हर रोज हजारों वाहन और उससे भी अधिक संख्या में लोग आवागमन करते हैं। सर्वमंगला रोड से मुख्य तिराहे तक करीब 800 मीटर के हिस्से में सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। कई स्थानों पर कंक्रीट पैनल के बीच बड़े गैप बन गए हैं, वहीं सड़क और पुल के हिस्सों में गहरे गड्ढे भी हो गए हैं।
भारी वाहनों, मालवाहकों और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लगातार दबाव के कारण सड़क की स्थिति और खराब होती जा रही है। इसके चलते धूल और कोयले का गुबार उड़ने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को मुंह ढककर गुजरना पड़ रहा है, फिर भी दिक्कतें कम नहीं हो रही हैं।
इस संबंध में महापौर संजूदेवी राजपूत ने बताया कि हसदेव सेतु की समस्या के समाधान के लिए निगम पूरी तरह गंभीर है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी कर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का जल्द समाधान होगा और आवागमन सुगम बन सकेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















