इंस्टाग्राम दोस्ती और ऑफिस परिचय बना कारण, मानिकपुर पुलिस की कार्रवाई
कोरबा।जिले में विवाह का झांसा देकर दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में मानिकपुर चौकी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इनमें से एक आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि पहले मामले में 24 वर्षीय प्रशांत साहू को गिरफ्तार किया गया है, जो सीएसईबी चौकी क्षेत्र के 15 ब्लॉक का निवासी है।
आरोपी की पहचान बालको क्षेत्र की एक युवती से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।
आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दूसरे मामले में 24 वर्षीय शैलेश गढ़वाल, जो मूलतः जयपुर का निवासी है, को भी गिरफ्तार किया गया। वह वर्तमान में कोरबा में अपने रिश्तेदार के यहां रह रहा था। युवती और आरोपी एक ही कार्यालय में कार्यरत थे, जहां दोनों के बीच जान-पहचान हुई।
आरोप है कि शैलेश ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया। बाद में आरोपी ने शादी से किनारा कर लिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी रखी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















