आरोपी गिरफ्तार, ग्रामीणों में आक्रोश, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
कोरबा-पाली। जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक ऐसा जघन्य और घृणित मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। ग्राम गणेशपुर में एक 19 वर्षीय युवक ने अपने ही पड़ोसी के 7 वर्षीय मासूम बच्चे को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की और असफल होने पर उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
घटना 2 अप्रैल की है, जब मासूम आयान अपने दोस्तों के साथ तालाब गया था। नशे में धुत आरोपी रंजीत कुमार ने बच्चे को अकेला पाकर बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले गया। वहाँ आरोपी ने मासूम के साथ यौन शोषण का घृणित प्रयास किया।
पत्थर से कुचला सिर
जब डरे हुए मासूम ने शोर मचाया, तो पकड़े जाने के खौफ में आरोपी ने अपनी पूरी क्रूरता दिखा दी। उसने पास पड़े भारी पत्थर से बच्चे के सिर पर एक के बाद एक चार वार किए। प्रहार इतने भीषण थे कि बच्चे का सिर फट गया और उसकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
शव को कुएं में फेंका
अपराधी ने इसके बाद भी निर्दयता की हदें पार करते हुए शव को पड़ोसी गांव करतली के 12 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया ताकि पाप का सबूत मिट सके।
पुलिस के पूछताछ में कबूला गुनाह
बच्चे के गायब होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस ने जब संदेह के आधार पर रंजीत को घेरा, तो वह ज्यादा देर झूठ नहीं बोल सका। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया, जिसके बाद 4 अप्रैल को कुएं से मासूम का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया।
फास्ट ट्रैक कोर्ट और फांसी की मांग
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस घटना के बाद से पूरे कोरबा जिले में भारी जनआक्रोश है। ग्रामीणों और प्रबुद्ध जनों ने मांग की है कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और इस जघन्य अपराधी को फांसी से कम कोई सजा न मिले, ताकि समाज में ऐसे विकृत मानसिकता वाले लोगों के मन में कानून का खौफ पैदा हो सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















