अवैध कबाड़-नशा नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई, एसी कॉपर वायर चोरी गिरोह पकड़ाया

व्यापारियों की शिकायत के बाद सक्रिय हुई पुलिस, कबाड़ियों की भूमिका पर जांच तेज

कोरबा।जिले में अवैध नशे और कबाड़ कारोबार की आड़ में हो रही चोरियों पर आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसी के कॉपर वायर चोरी की लगातार घटनाओं से परेशान व्यापारियों की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक गिरोह को पकड़ लिया है।

जानकारी के अनुसार, शहर के विभिन्न इलाकों में नशेड़ियों के माध्यम से अवैध कबाड़ कारोबार फल-फूल रहा था।

इनकी शह पर एसी उपकरणों के कॉपर वायर की चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं, जिससे करीब 20 व्यापारी प्रभावित हुए। मामले में प्रारंभिक स्तर पर शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से व्यापारियों में आक्रोश था।

इसके बाद छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश सोनी,जिला अध्यक्ष संतोष अग्रवाल,मंत्री गजानंद अग्रवाल और कोषाध्यक्ष नीतिन गुप्ता ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और साइबर सेल को जांच के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो चोरी और चोरी के माल की खरीदी-बिक्री में शामिल पाए गए। सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में दीपक साहू, वसीम मेमन और रमेश साहू शामिल हैं, जो देर रात दुकानों को निशाना बनाकर एसी से कॉपर वायर निकालते थे।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि चोरी के कॉपर वायर का संबंध राताखार के एक कबाड़ी से जुड़ रहा है। हालांकि पुलिस इस एंगल पर गहन जांच कर रही है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का कॉपर वायर भी बरामद किया गया है।

फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और शहर के अन्य इलाकों में हुई वारदातों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

वहीं, व्यापारियों का कहना है कि यदि पहले ही सख्ती दिखाई जाती तो इतनी बड़ी घटनाएं नहीं होतीं।