12 गांवों में लो वोल्टेज से बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने उठाई आवाज

भीषण गर्मी में बिजली संकट गहराया, समाधान न होने पर जनप्रतिनिधियों तक पहुंची शिकायत

कोरबा।जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लो वोल्टेज की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। छत्तीसगढ़ स्टेट डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के अंतर्गत कोरबा ग्रामीण संभाग के 12 से अधिक गांव पिछले कई दिनों से इस समस्या से जूझ रहे हैं। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच बिजली की अनियमितता और कम वोल्टेज ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार करतला, कुदमुरा, बासिन, तौलीपाली, कलमीटिकरा, सारणीडेरा, कुदवारी, चचिया, बरपाली, गिरारी समेत आसपास के कई गांवों में दिन-रात लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इसके कारण पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण सही ढंग से काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अप्रैल की शुरुआत में ही तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंचने से दिन में तेज गर्मी और रात में मच्छरों की समस्या ने लोगों की दिक्कतें और बढ़ा दी हैं। ऐसे में पर्याप्त बिजली आपूर्ति न होना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी वितरण कंपनी के अधिकारियों को होने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं किया जा रहा है। परेशान लोगों ने अब इस मुद्दे को रामपुर क्षेत्र के विधायक के संज्ञान में लाते हुए जल्द समाधान की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही लो वोल्टेज की समस्या दूर नहीं की गई, तो उन्हें मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।