ब्लैक मार्केटिंग व अवैध भंडारण पर सख्ती, जिला स्तरीय कंट्रोल रूम भी स्थापित
कोरबा।जिले में घरेलू रसोई गैस की सुचारू उपलब्धता और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने गैस वितरक एजेंसियों की बैठक ली। इस दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग तिथि के अनुसार ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि गैस वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग या निर्धारित मूल्य से अधिक पर बिक्री पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एजेंसियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा के मद्देनजर सभी गैस एजेंसियों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने, परिसर के बाहर की निगरानी के लिए अतिरिक्त कैमरा स्थापित करने तथा चौकीदार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही एजेंसी परिसर में तहसीलदार, थाना प्रभारी और जिला कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की स्टॉक कमी या विवाद की स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित
खाद्य आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। आमजन खाद्य आपूर्ति से जुड़ी शिकायत, सुझाव या जानकारी दूरभाष क्रमांक 9691901259 पर दर्ज करा सकते हैं।
बैठक में अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, जिला खाद्य अधिकारी जी.एस. कंवर तथा इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत गैस एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















